द पब्लिकेट, इंदौर। इंदौर में इन दिनों एक रहस्यमयी प्रतीक शहरभर में लोगों की जिज्ञासा का केंद्र बना हुआ है। विजय नगर, पलासिया समेत कई प्रमुख इलाकों में लगे बड़े-बड़े बिलबोर्ड्स पर सिर्फ एक हथौड़े का निशान दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि इन पोस्टर्स पर न किसी संस्था का नाम है, न कोई चेहरा, न कोई स्लोगन और न ही “कमिंग सून” जैसा कोई संदेश।
यही वजह है कि सोशल मीडिया से लेकर चाय की दुकानों और कॉलेज कैंपस तक एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर यह हथौड़ा किसका है और किस बदलाव का संकेत दे रहा है?
सूत्रों की मानें तो यह किसी सामान्य प्रचार अभियान का हिस्सा नहीं है। चर्चा है कि यह एक ऐसे बड़े अभियान की शुरुआत हो सकती है, जिसका सीधा संबंध शिक्षा और युवाओं के भविष्य से है। कहा जा रहा है कि यह “हथौड़ा” किसी पर वार करने नहीं, बल्कि किस्मत गढ़ने का प्रतीक बनकर सामने आने वाला है।
हालांकि अभी तक किसी व्यक्ति, संस्था या संगठन ने इन बिलबोर्ड्स की जिम्मेदारी नहीं ली है। इसी कारण शहर में सस्पेंस और भी गहरा गया है। युवाओं के बीच इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कोई इसे नए एजुकेशन प्लेटफॉर्म से जोड़ रहा है तो कोई इसे किसी बड़े सामाजिक अभियान का संकेत मान रहा है।
सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि जब इस रहस्य से पर्दा उठेगा तो इसका प्रभाव सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है।
फिलहाल शहर में एक ही सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है कि “आखिर यह ट्रेंडिंग हथौड़ा किसके लिए और किस बदलाव का संदेश लेकर आ रहा है?”

