द पब्लिकेट, इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ड्राई डे के दौरान जिला आबकारी विभाग इंदौर ने अवैध मदिरा के विक्रय और परिवहन के खिलाफ जिले में दो बड़ी कार्रवाई की। महू और राजमोहल्ला क्षेत्र में की गई कार्रवाई में कुल 598.8 बल्क लीटर अवैध मदिरा तथा अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल वाहन जब्त किया गया। जब्त शराब की कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है, जबकि दूसरी कार्रवाई में शराब और वाहन सहित कुल कीमत 84,250 रुपये आंकी गई।
कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में शुष्क दिवस पर जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
महू में घर और ढाबे पर दबिश, 598.8 बल्क लीटर शराब जब्त
महू आबकारी वृत्त ‘अ’ के प्रभारी उप निरीक्षक हरेन्द्र घुरैया को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने शांति पैराडाइज, हरसोला महू स्थित एक रिहायशी मकान और आरोपी की निशानदेही पर गुर्जर ढाबा पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दीपक राठौड़ पिता घनश्याम राठौड़ 34 निवासी बड़वानी, हाल मुकाम शांति पैराडाइज हरसोला, महू के कब्जे से कुल 598.8 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।
जब्त शराब में 108 बल्क लीटर देशी मदिरा प्लेन, 240 बल्क लीटर बीयर, 124.8 बल्क लीटर बोतल मदिरा और 126 बल्क लीटर स्पिरिट शामिल है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी दीपक राठौड़ के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
राजमोहल्ला में बाइक से शराब ले जाते युवक को पकड़ा
इधर, आबकारी वृत्त राजमोहल्ला की टीम ने गश्त के दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रही होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक MP09 XM6919 को रोककर तलाशी ली। बाइक के पीछे बंधे दो प्लास्टिक बैग से 50 पाव देशी मदिरा प्लेन और 50 पाव देशी मदिरा मसाला, कुल 100 पाव देशी शराब बरामद हुई।
मौके से योगेश पिता कालू गुड़िया 20 निवासी लक्ष्मीनगर काकड़ को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त शराब और वाहन की कुल बाजार कीमत करीब 84,250 रुपये बताई गई है।
दोनों कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

