द पब्लिकेट, इंदौर। विजय नगर पुलिस की गिरफ्त में आए एमडी ड्रग्स तस्कर से पूछताछ में शहर में सक्रिय हाई-प्रोफाइल ड्रग्स नेटवर्क के अहम सुराग मिले हैं। प्रॉपर्टी ब्रोकर की आड़ में काम कर रहा आरोपी न केवल मुंबई और गोवा के सप्लायरों के संपर्क में था, बल्कि पार्सल के जरिए एमडी ड्रग्स मंगवाकर शहर के चुनिंदा ग्राहकों तक इसकी सप्लाई भी करता था। अब पुलिस आरोपी की कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, सात दिन पहले विजय नगर थाना पुलिस ने थाने के सामने से अक्षय पिता अरविंद गुप्ता, निवासी स्कीम नंबर-54 (एचआईजी), को एमडी ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया था। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नशे के कारोबार में सक्रिय था। वह मुंबई और गोवा से एमडी ड्रग्स मंगवाकर उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था।
कोडवर्ड से होती थी डील
जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रग्स की खरीद-फरोख्त के दौरान आरोपी और उसके ग्राहक पहचान छिपाने के लिए कोडवर्ड का इस्तेमाल करते थे। पुलिस को आशंका है कि नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
सीडीआर और बैंक ट्रांजेक्शन से मिले सुराग
सूत्रों के मुताबिक आरोपी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और बैंक खातों की जांच में कई संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। इन्हीं रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस कुछ ऐसे युवकों की पहचान करने का दावा कर रही है, जो कथित रूप से आरोपी के संपर्क में थे और उससे ड्रग्स खरीदते थे।
कुछ नाम जांच के दायरे में
सूत्रों के अनुसार, जांच में आकृषित मदान, मैक्सी और सिद्धार्थ सभरवाल, सिद्धार्थ कारदा, नव्य भसीन, तेजस, हर्षजीत दीया, नितिन दवे, हर्ष मोटवानी, विधुत नामक युवकों का उल्लेख सामने आया है। पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि इनकी भूमिका क्या रही। फिलहाल किसी के खिलाफ आधिकारिक आरोप घोषित नहीं किए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये युवक पब और बार पार्टियों में शामिल होते थे और आरोपी से कथित रूप से एमडी ड्रग्स प्राप्त करते थे। गिरफ्त में आए आरोपी अक्षत के ह्वाट्सऐप चैट्स में इनके नाम है और पेमेंट के स्क्रीनशॉर्ट भी है जिससे इनपर जांच हो सकती है।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर सप्लाई चेन के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। जांच का फोकस उन लोगों तक पहुंचना है जो शहर में ड्रग्स की सप्लाई और वितरण से जुड़े हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

