द पब्लिकेट, इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी शिफान खान उर्फ गब्बू निवासी सदर बाजार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर MD ड्रग्स की सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस ने उसे पूर्व में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अजीम की निशानदेही पर पकड़ा।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, इससे पहले आरोपी मोहम्मद अजीम के कब्जे से करीब 12.87 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान शिफान खान का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अन्य राज्यों से मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में सप्लायरों तक पहुंचाने का काम करता था। क्राइम ब्रांच टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिहाड़ी मजदूरी और रिपेयरिंग का कार्य करता है तथा उसने 10वीं कक्षा तक ही पढ़ाई की है। आरोपी के खिलाफ थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 37/2026 के तहत धारा 8/22 और 8/29 NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

