द पब्लिकेट, इंदौर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर इंदौर पुलिस ने अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में एमआईजी थाना पुलिस ने देर रात दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे दो गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुल 34 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, अड़ीबाजी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौड़ और एडीसीपी अमरेंद्र सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। एसीपी परदेशीपुरा हिमानी मिश्रा तथा एमआईजी थाना प्रभारी नीतू सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आर्म्स एक्ट और डकैती की योजना से जुड़े मामलों में वारंट
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ साईराम (30), निवासी छोटी भमोरी, इंदौर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के प्रकरण में न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वहीं, रिजवान उर्फ सिद्धू (30), निवासी नया बसेरा, छोटी खजरानी के खिलाफ आईपीसी की धारा 399 और 402 के प्रकरण में गिरफ्तारी वारंट जारी था। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
रिजवान पर 16, विकास पर 18 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, रिजवान उर्फ सिद्धू के खिलाफ कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, अड़ीबाजी और साथियों के साथ मारपीट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार वारंटी रिजवान उर्फ रिज्जू, कुख्यात आरोपी सलमान लाला का भाई है।
इसी तरह विकास उर्फ साईराम के खिलाफ कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड में अड़ीबाजी, मारपीट, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब रखने सहित अन्य मामले शामिल हैं।
त्योहारों से पहले अपराधियों की धरपकड़ तेज
आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एमआईजी पुलिस थाना क्षेत्र में गुंडों, बदमाशों और फरार आरोपियों की सघन चेकिंग कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

