तीन स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजकर अभिभावकों से बच्चों को 15 नवंबर के कार्यक्रम में नहीं भेजने को कहा; पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
द पब्लिकेट, इंदौर। मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। कथित तौर पर ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान IED ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है। इतना ही नहीं, ई-मेल में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को उड़ाने की धमकी देने के साथ मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंदौर के तीन स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। इनमें अभिभावकों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि वे अपने बच्चों को 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट में न भेजें। धमकी भरे संदेश सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन स्कूलों को मेल, पुलिस अलर्ट
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, सोमवार सुबह इंदौर के तीन स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले। इनमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाके की चेतावनी देने के साथ अभिभावकों से बच्चों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की बात कही गई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने फिलहाल स्कूलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
पुलिस ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता का पता लगाया जा सके। फिलहाल धमकी की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।
15 नवंबर को C-21 मैदान में प्रस्तावित है कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने म्यूजिक टूर पर हैं। दिल्ली में कार्यक्रम के बाद अब उनका 15 नवंबर को इंदौर के C-21 मैदान में कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले धमकी भरे ई-मेल सामने आने के बाद आयोजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
अमिताभ बच्चन के पैर छूने पर भी हुआ था विवाद
दिलजीत दोसांझ को इससे पहले भी धमकियां मिलने की बात सामने आ चुकी है। अमेरिका स्थित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कथित तौर पर ऑस्ट्रेलिया और अन्य कार्यक्रमों को लेकर दिलजीत को निशाना बनाया था।
बताया गया कि विवाद की वजह दिलजीत का बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के पैर छूकर सम्मान जताना था। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि इस व्यवहार से 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाएं आहत हुईं। हालांकि, मौजूदा ई-मेल और पहले सामने आई धमकियों के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मुंबई में भी भेजा गया था धमकी भरा ई-मेल
इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े के कार्यालय में भी दिलजीत दोसांझ पर आत्मघाती हमले की धमकी से जुड़ा ई-मेल आने की बात सामने आई थी। अब इंदौर में कॉन्सर्ट, महापौर कार्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले को लेकर धमकी मिलने के बाद जांच एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और उसकी विश्वसनीयता का पता लगाने में जुटी हैं।
धमकियों के बीच ऋषिकेश में नजर आए दिलजीत
एक ओर दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को लेकर धमकियों की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर रविवार को वे ऋषिकेश में आध्यात्मिक भ्रमण करते नजर आए। उन्होंने मां गंगा का आचमन कर आशीर्वाद लिया और वशिष्ठ गुफा में भी कुछ समय बिताया। इस दौरान वे शांत और बेफिक्र अंदाज में दिखाई दिए।
फिलहाल इंदौर पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती धमकी भरे ई-मेल की सत्यता का पता लगाना और 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

