द पब्लिकेट, इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20.78 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक हुंडई कार, मोबाइल फोन समेत कुल 4.50 लाख रुपए का मशरूका भी जब्त किया गया है।
क्राइम ब्रांच टीम शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास VIP रोड स्थित सुनसान इलाके में एक नीले-सफेद रंग की हुंडई कार खड़ी दिखाई दी। कार में बैठा युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम अकरम खान निवासी देपालपुर बताया।
तलाशी लेने पर पुलिस को कार के हैंड ब्रेक के पास छिपाकर रखी गई पारदर्शी पन्नी मिली, जिसमें 20.78 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से अकरम खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सस्ते दामों में MD खरीदकर इंदौर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों में बेचता था।
अकरम की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी जावेद उर्फ जग्गू कुरैशी निवासी हातोद को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अकरम पर पहले से आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी पर ड्राइवरी करता है और दसवीं तक पढ़ा हुआ है।
क्राइम ब्रांच थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है और शहर में यह नशा कहां-कहां सप्लाई किया जा रहा था।

