द पब्लिकेट, इंदौर। एक साल पहले दंपति के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें पति पत्नी को बेरहमी से पीटता दिख रहा है। एक मिनट के वीडियो में पति ने पत्नी को करीब 50 चाँटे जड़ दिए। पत्नी ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज करवाने के साथ अधिकारियों को वीडियो प्रस्तुत किया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि पति ईश्वर खेलानी और पत्नी हिना खेलानी के तलाक का मामला कोर्ट में विचारीधीन है।
एडीसीपी जोन 4 आनंद यादव ने बताया द्वारकापुरी इलाके के सूर्य देव नगर में रहने वाले ईश्वर खेलानी (38) ने पत्नी हिना खेलानी की पारिवारिक विवाद को लेकर बच्चों के सामने पिटाई की थी। जनसुनवाई में हिना ने शिकायत के साथ सीसीटीवी प्रस्तुत किए जिसमें ईश्वर बेरहमी से उसे चाँटे मार रहा है। वीडियो आने के बाद जांच की तो सामने आया कि यह घटना पिछले साल मार्च की है। घटना के करीब आठ महीने बाद पत्नी हिना ने कोर्ट में पति ईश्वर से तलाक लेने के लिए कोर्ट में प्रकरण दर्ज करवाया था। दोनों के बीच विवाद होने के चलते हिना ईश्वर से अलग हो गई थी। वह लिव इन रिलेशनशिप में जितेंद्र ठाकुर निवासी चेतन विहार, तुकोगंज के साथ रह रही थी। कोर्ट में केस चलने के दौरान हिना और उसके साथी जितेंद्र ने 6 जनवरी की रात करीब 2:30 बजे ईश्वर के घर में घुसकर उसे पीटा था। जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में ईश्वर ने द्वारकापुरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।