- गाय चोरी की शंका में हत्या करने वाले सूरज जाट सहित अन्य गुर्गों की सरगर्मी से हो रही तलाश
द पब्लिकेट, इंदौर। लसूड़िया इलाके में पिछले दिनों कहने को गाय चोरी की शंका में बेरहमी से पीटकर हत्या करने करने के मामले में पुलिस ने श्री करणी सेना के पदाधिकारी मान सिंह राजावत सहित नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजावत को आरोपी तब बनाया जब एक वीडियो पुलिस के हाथ लगा जिसमें राजावत भी मृतक चंदर लोहार को पीटता नजर आ रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कोर्ट से राजावत का पांच दिन ला रिमांड लिया है। वहीं, इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सूरज जाट सहित अन्य की तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है इंदौर शहर में अवैध रूप से नशे की बिक्री करने वाले और भाजपा नेता के संरक्षण में बदमाशी करने वाले हिस्ट्रीशीटर सूरज जाट सहित अन्य बदमाशों ने मिलकर गाय चोरी की शंका में चंदर लोहार की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। लसूड़िया पुलिस ने मारपीट के मामले में पहले सूरज जाट और भूरू यादव को आरोपी बनाया था लेकिन हत्या के बाद दोनों पर हत्या की धारा बढ़ाई। जांच के दौरान कुणाल यादव और भूरू यादव को गिरफ्तार किया। दोनों भागने की तैयारी में थे। अब पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के बाद श्री करणी सेना के पदाधिकारी मान सिंह राजावत और नाबालिग को भी गिरफ्तार किया है। बतातें है राजावत ने भी मृतक चंदर की पिटाई की थी जिसका वीडियो बनाया था। वहीं, राजावत ने गिरफ्तारी के पहले बताया कि उसे गाय चोरी होने की सूचना मिली थी। जाट उसे लगातार बुला रहा था जिसके कहने पर वह पहुंचा था। उसने पिटाई नहीं की थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी बनाया है। रिमांड खत्म होने के बाद स्तिथि स्पष्ट होगी।
वहीं, लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव का कहना है कि इस मामले में अब तब पांच गिरफ्तारियां हो चुकी है। मुख्य आरोपी सूरज जाट फरार है। तलाश जारी है वहीं, आरोपी बिट्टू यादव का नाम भी समाने आया है जिसे जल्द गिरफ्तार करेंगे।
बताया जा रहा है आरोपी मान सिंह राजावत ने संगठन की आड़ में कई युवाओं को परेशान किया था। पुलिस पर भी रिपोर्ट करने के लिए दबाव बनाता था। इस मामले में भी उससे पूछताछ होगी। क्योंकि राजावत का भी बड़ा क्रिमिनल रिकॉर्ड है।

