द पब्लिकेट, इंदौर। शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इंदौर पुलिस ने सोमवार शाम 7 थाना प्रभारियों की तबादला सूची जारी की, जिसमें लसूड़िया और एरोड्रम थाना प्रभारी को हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया है।
सूची के अनुसार लसूड़िया TI तारेश सोनी को क्राइम ब्रांच भेजा गया है, जबकि उनकी जगह भंवरकुआ के पूर्व TI राजकुमार यादव को पदस्थ किया गया है। वहीं एरोड्रम TI तरुण भाटी को भी हटाकर क्राइम ब्रांच में अटैच किया गया है। उनकी जगह मल्हारगंज के TI वीरेंद्र सिंह कुशवाह को एरोड्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा राजेंद्र नगर से हटाए गए TI नीरज बिरथरे को मल्हारगंज भेजा गया है। तुकोगंज से जितेंद्र यादव को हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया, जबकि उनकी जगह जितेंद्र चौहान को पदस्थ किया गया है।
सोना कांड और क्रिप्टो केस के बाद गिरी गाज
लसूड़िया थाना क्षेत्र में व्यापारी गौरव जैन के यहां से 22 तोला सोना चोरी के मामले में स्टाफ पर सवाल उठे थे। हालांकि TI तारेश सोनी की भूमिका स्पष्ट नहीं पाई गई, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों से चल रही खींचतान के बीच उन्हें हटा दिया गया। वहीं एरोड्रम क्षेत्र में हाल ही में सामने आए क्रिप्टो करेंसी विवाद और युवक से रुपए छीनने के मामले ने भी तूल पकड़ा था, जिसमें तीन पुलिसकर्मियों को पहले ही डीसीपी कार्यालय अटैच किया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार एरोड्रम TI तरुण भाटी पर जमीन से जुड़े विवादों में भी आरोप लगते रहे हैं, जबकि तुकोगंज में पदस्थ रहे जितेंद्र यादव पर एडवाइजरी चलवाने को लेकर सवाल उठे थे, जिसके चलते वे भी अधिकारियों की नजर में थे।
व्यापारी की कार से पिस्टल और नकदी चोरी
इधर भंवरकुआ थाना क्षेत्र में मल्हार गार्डन के बाहर एक और वारदात सामने आई है। शादी समारोह में आए व्यापारी केशव सोनी की कार का कांच फोड़कर अज्ञात बदमाश उनकी पिस्टल और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को हालिया घटनाओं और बढ़ते विवादों के मद्देनजर बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

