द पब्लिकेट, इंदौर/राजस्थान। शहर में एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। एक महिला एसीपी के पति रविवार देर रात घरेलू विवाद के बाद सरकारी जीप लेकर घर से निकल गए और तब से लापता हैं। मामला सिर्फ गुमशुदगी नहीं, बल्कि संभावित खतरे के तौर पर देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, पीटीसी क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान पति ने घर छोड़ते समय ऐसी बातें कहीं, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। इसके बाद महिला अधिकारी ने तुरंत आजाद नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना शोर-शराबे के सर्च ऑपरेशन शुरू किया और तकनीकी जांच में उनकी लोकेशन राजस्थान के डग-बड़ौद इलाके में ट्रेस हुई।

लोकेशन मिलते ही पुलिस टीमें सक्रिय हो गईं और तत्काल राजस्थान के लिए रवाना कर दी गईं। रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हर मूवमेंट को जोड़ा जा सके। सूत्रों के अनुसार, सिर्फ एक थाना ही नहीं बल्कि एसीपी सर्कल के कई थानों की टीमें भी इस ऑपरेशन में लगी हुई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला एसीपी खुद भी राजस्थान के लिए रवाना हो गई हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक इस पूरे मामले की औपचारिक जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई है और इसे सीमित स्तर पर ही हैंडल किया जा रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है चाहे वह पारिवारिक विवाद हो, मानसिक स्थिति या फिर कोई अन्य वजह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *