द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े क्रिकेट और कैसीनो सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऊषा नगर स्थित एक अपार्टमेंट पर छापा मारकर 7 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो ‘डायमंड सर्वर’ के जरिए देश-विदेश में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई 6 मई 2026 की देर रात करीब 12:40 बजे साँई नयन अपार्टमेंट में की गई। मौके पर आरोपी लैपटॉप और मोबाइल फोन के माध्यम से विभिन्न वेबसाइट्स पर ग्राहकों को जोड़कर सट्टा खिला रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य कनेक्शन दिल्ली और दुबई से जुड़ा है, जहां से इन्हें ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराई जाती थी।

आरोपी ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड बेचते थे और बैंक खातों में रकम जमा करवाकर बदले में डिजिटल ‘पॉइंट्स’ देते थे, जिनसे सट्टेबाजी कराई जाती थी। पुलिस को आरोपियों के पास से 39 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1.40 लाख रुपए नकद और कई बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7.70 लाख रुपए आंकी गई है। शुरुआती जांच में करोड़ों रुपए के लेन-देन के संकेत मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

शशांक अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, निखिल कौशल, शुभम कौशल (सभी शिवपुरी), जतिन शर्मा (गुना), अर्पित तिवारी और प्रियांश जैन (शिवपुरी)।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(1), पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 4(क) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम लगातार आर्थिक अपराधों और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि इसकी जड़ तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *