द पब्लिकेट, इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत की 1 किलो एमडी ड्रग्स, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कार्पियो और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। कुल जब्त मशरुका की कीमत लगभग 1 करोड़ 21 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
टीसीएस चौराहे के पास घेराबंदी
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुपर कॉरिडोर स्थित टीसीएस चौराहे के पास एक काली स्कार्पियो से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स की सप्लाई होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वीर तेजाजी मंदिर के पास टिगरिया बादशाह काकड़ रोड पर घेराबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध स्कार्पियो और दो बाइक मौके पर पहुंचीं, पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी स्कार्पियो लेकर भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन डिवाइडर से टकरा गया और क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
डैशबोर्ड से मिली 1 किलो एमडी ड्रग्स
पुलिस ने स्कार्पियो की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर से करीब 1 किलो एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। साथ ही एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया।
आरोपी अलग-अलग काम करते थे
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी नवीन सोलंकी और गोविंद वर्मा सैलून में काम करने के साथ रेपिडो भी चलाते थे, जबकि अन्य आरोपी खेती-किसानी का काम करते हैं। सभी आरोपियों ने पिछले कुछ महीनों से अवैध मुनाफा कमाने के लिए ड्रग्स तस्करी करना कबूल किया है।
गिरफ्तार आरोपी
- नवीन सोलंकी (25) निवासी झालावाड़, राजस्थान
- गोविंद वर्मा (29) निवासी सिलिकॉन सिटी, इंदौर
- शंकर सिंह (33) निवासी झालावाड़, राजस्थान
- विक्रम सिंह (31) निवासी उज्जैन
- नरेंद्र सिंह (26) निवासी उज्जैन
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
क्राइम ब्रांच थाना इंदौर ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 1 जनवरी 2026 से 19 मई 2026 तक मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में क्राइम ब्रांच अब तक 34 प्रकरणों में 70 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

