द पब्लिकेट, इंदौर। इंदौर क्राइम ब्रांच ने बिल्डर से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगने और धमकी देने के मामले में द्वारकापुरी निवासी कथित ड्रग तस्कर महिला अलका दीक्षित और उसके बेटे जयदीप दीक्षित को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर एक नामी बिल्डर को जमीन के सौदे में जबरन हिस्सेदारी देने का दबाव बनाने और इनकार करने पर हत्या की धमकी देने के आरोप हैं।

क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, बाणगंगा क्षेत्र के एक बिल्डर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अलका दीक्षित और उसका बेटा लगातार उसे परेशान कर रहे थे। आरोपियों ने पहले जमीन के सौदे में 50-50 प्रतिशत पार्टनरशिप की मांग की। जब बिल्डर ने साफ इनकार कर दिया तो उससे एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई।

शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने बिल्डर पर लगातार दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दोनों को अलसुबह गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।

ड्रग और अवैध शराब कारोबार की भी जांच

क्राइम ब्रांच अब अलका दीक्षित के पुराने आपराधिक नेटवर्क और कथित ड्रग तस्करी व अवैध शराब कारोबार की भी जांच कर रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में सक्रिय हैं। यदि जांच में नए तथ्य सामने आते हैं तो आरोपियों पर और गंभीर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

पुलिसकर्मी की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले में एक पुलिसकर्मी का नाम भी सामने आया है। जानकारी के मुताबिक एमजी रोड थाने के एक पुलिसकर्मी से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को शक है कि वह आरोपियों के संपर्क में था और बिल्डर पर दबाव बनाने में उसकी भूमिका हो सकती है। फिलहाल क्राइम ब्रांच इस एंगल से भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *