द पब्लिकेट, इंदौर। बेंगलुरु के नेलमंगला स्थित शिवगंगे की दुर्गम पहाड़ियों में इंदौर निवासी 32 वर्षीय तकनीकी विशेषज्ञ अद्वैत उपाध्याय के लापता होने का मामला लगातार उलझता जा रहा है। तलाश के चौथे दिन भी अद्वैत का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपात सेवा दल के साथ ड्रोन और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से पहाड़ी के दुर्गम हिस्सों को खंगाल रही है।

अद्वैत बेंगलुरु के मैत्री लेआउट, कडुगोडी में रहते थे और तकनीकी क्षेत्र में काम करते थे। बताया जा रहा है कि वे इंदौर आने वाले थे। शुक्रवार को वे किराये की बाइक लेकर शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रेकिंग के लिए निकले थे। इसके बाद उनका संपर्क अचानक टूट गया। उनकी मंगेतर प्राप्ति चौहान से उनकी आखिरी बार बात हुई थी। प्राप्ति ने ही कडुगोडी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

शांतला ड्राप के पास मिला मोबाइल और ड्रोन

पुलिस की तलाश के दौरान अद्वैत का मोबाइल फोन और ड्रोन कैमरा शांतला ड्राप इलाके में पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक मोबाइल कुछ समय तक चालू रहा, लेकिन बाद में बंद हो गया। जांच इस बिंदु पर भी केंद्रित है कि मोबाइल वहां कैसे पहुंचा और क्या उसे किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया था।

शिवगंगे पहाड़ी के जिन हिस्सों तक पुलिसकर्मियों के लिए पहुंचना मुश्किल है, वहां ड्रोन से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी दौरान पहाड़ी के नीचे एक मानव आकृति जैसी चीज ड्रोन कैमरे में दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

जांच के दौरान पुलिस ने अद्वैत का लैपटॉप उनके घर से बरामद किया। लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री सामने आने के बाद मामले की दिशा और गंभीर हो गई। पुलिस को शिवगंगे पहाड़ी से जुड़ी कई सर्च मिली हैं।

इनमें पहाड़ी की ऊंचाई, शांतला ड्राप तक पहुंचने का रास्ता और वहां चढ़ने के मार्ग से संबंधित जानकारियां शामिल हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या अद्वैत ने पहाड़ी से गिरने के बाद होने वाले संभावित परिणामों से संबंधित जानकारी भी इंटरनेट या किसी एआई टूल पर तलाश की थी।

बताया जा रहा है कि एक एआई टूल पर कथित तौर पर ऐसी जानकारी भी सर्च की गई थी कि किसी व्यक्ति के पहाड़ी से गिरने के बाद वह कितनी देर तक जीवित रह सकता है और गिरने के क्या परिणाम हो सकते हैं। इन डिजिटल सुरागों के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत कई एंगल से जांच कर रही है। हालांकि अभी तक अद्वैत के साथ वास्तव में क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं है।

मंगेतर से आखिरी बातचीत, निजी जिंदगी की भी पड़ताल

पुलिस ने अद्वैत की निजी जिंदगी और संपर्कों की भी जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मैसेजिंग से सामने आया है कि वह कई युवतियों के संपर्क में थे। पुलिस को यह भी पता चला है कि उनकी एक गर्लफ्रेंड थी, जबकि उनकी सगाई किसी दूसरी युवती से हुई थी।

जांच अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अद्वैत अपनी शादी को लेकर किसी तरह के तनाव या असमंजस में थे। हालांकि इन जानकारियों को उनके लापता होने से जोड़कर देखना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।

चार अगस्त को पहुंचने की आशंका, सात अगस्त को भेजी थी फोटो

जांच में यह भी सामने आया है कि अद्वैत संभवतः 4 अगस्त को ही शिवगंगे पहुंच गए थे, जबकि उन्होंने 7 अगस्त को अपनी मंगेतर प्राप्ति को एक फोटो भेजी थी। पुलिस को एक पर्यटक द्वारा खींची गई अद्वैत की तस्वीर भी मिली है। इससे उनकी गतिविधियों की टाइमलाइन तैयार करने में मदद मिल सकती है।

हैकिंग कनेक्शन की भी जांच

तकनीकी क्षेत्र में प्रतिभाशाली माने जाने वाले अद्वैत के डिजिटल उपकरणों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं उनका किसी तरह की हैकिंग या साइबर गतिविधि से कोई संबंध तो नहीं था।

इसके लिए उनके लैपटॉप, मोबाइल, ड्रोन और अन्य डिजिटल डिवाइस के साथ-साथ संचार रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अद्वैत के पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद रहने के दौरान वहां कोई दूसरा व्यक्ति उनके संपर्क में आया था या नहीं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अद्वैत के पिता हिंदी के प्रोफेसर थे, जिनका वर्ष 2016 में निधन हो चुका है। उनकी मां इंदौर में रहती हैं और बेटे के लापता होने की खबर के बाद उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अद्वैत आखिर कहां गए? उनका मोबाइल और ड्रोन एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में मिलना, लैपटॉप की संदिग्ध सर्च हिस्ट्री और ड्रोन सर्च में दिखाई दी कथित मानव आकृति—इन सभी कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आत्महत्या, हादसे और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *