द पब्लिकेट, इंदौर। परिवार के साथ मौज मस्ती करने पहुंचे विवेक सिंघल ने अपने फार्म हाउस की छत पर जाकर हर्ष फायर किए, अनदेखी के दौरान एक गोली फार्म हाउस के पास पानी भर रहे बुजुर्ग व्यक्ति को लग गई जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मामले में तेजाजी नगर पुलिस ने विवेक सिंघल के खिलाफ ग़ैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार है। 

तेजाजी नगर थाना प्रभारी आदित्य सिंघरिया ने बताया वारदात उमरीखेड़ा स्थित जेजे स्कूल के पास बने फार्म हाउस में हुई। शाम के समय मालिक विवेक सिंघल अपनी पत्नी और बच्चे के साथ फार्म हाउस पर मौज मस्ती कर रहा था। उस दौरान आरोपी विवेक छत पर जाकर अपनी पिस्टल से दनादन गोलियां चलाने लगा। तभी एक गोली फार्म हाउस के पास में पानी भरने पहुंचे मदनलाल यादव (60) को जाकर लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जिस समय घटना हुई उस समय मृतक मदनलाल की पत्नी उसके साथ थी। वह पति के साथ पानी भरने गई थी। मदन को अचानक गिरता देख वह डर गई। गोली मदन के कमर के नीचे के हिस्से में लगी थी। हादसे के बाद मदन की पत्नी ने आरोपी विवेक को घटना बताई तो बह उसे धमकाने लगा, लेकिन बाद में घबराते हुए वह मदन को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां पर डॉक्टरों ने मरीज की हालत देख भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी विवेक मृतक मदन को एमवाय अस्पताल छोड़कर पत्नी और बच्चे के साथ भाग निकला। 

धड़ाधड़ चला रहा था गोलियां 

बताया जा रहा है आरोपी विवेक सिंघल धड़ाधड़ गोलियां चला रहा था। घटना के समय गोली लगने के बाद भी उसे यह होश नहीं था कि गोली किसी व्यक्ति को लग चुकी है। हादसे के दौरान मदन की पत्नी को लगातार गोलियां चलने की आवाजें आ रही थी। आरोपी इतना अंधाधुन फायरिंग कर रहा था कि एक-दो गोली तो मदन की पत्नी के पास से भी निकल गई थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2025 DJ Digital Venture