द पब्लिकेट, इंदौर। स्कीम नंबर 78 इलाके स्थित ब्रिलियंट सफायर बिल्डिंग की टेलीपरफॉर्मेंस कंपनी की रीबेल्डोक प्रोसेस के कर्मचारियों के बीच कल सुबह जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान एक कर्मचारी ने चाकू से हमला किया था जिसके कारण घायल को सिर और पेट में गहरी चोट आई है। हालांकि लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले थे। विवाद युवती को लेकर हुआ था।
असल में, लसूड़िया के स्कीम नंबर 78 स्थित ब्रिलियंट सफायर बिल्डिंग में बनी टेलीपरफॉर्मेंस (बीपीओ कंपनी) की रीबेल्डोक प्रोसेस के कर्मचारियों के बीच कहसुनी के बाद विवाद हो गया। बताया जा रहा है कल सुबह 7 बजे कर्मचारियों की शिफ्ट खत्म होने के बाद सभी बिल्डिंग के बाहर निकलकर मौज मस्ती कर रहे थे। उसी दौरान साथ में खड़े 7-8 कर्मचारियों के बीच आपस में कहासुनी हो गई। किसी युवती की बात पर वह लड़ाई करने लगे। इतने में एक कर्मचारी को बाकी कर्मचारियों ने पीटना शुरू कर दिया। विवाद में एक कर्मचारी ने चाकू से हमला कर उसे सड़क पर पटक कर पीटा जिसके कारण घायल कर्मचारी को सिर और पेट में गंभीर चोटें आई है। विवाद के दौरान उन्होंने एक बाइक पर भी जमकर तोड़फोड़ की थी। कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई थी लेकिन तब तक सभी भाग निकले। बताया का रहा है विवाद में राज और निलेश नाम के कर्मचारी घायल हुए है। विवाद की सूचना पर फ्लोर मैनेजर भी आया था जो विवाद कर रहे कर्मचारियों की फोटो खींच कर चला गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।