द पब्लिकेट, इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र के झालरिया गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपने 13 वर्षीय बेटी माही और 12 वर्षीय बेटे अजय को साथ लेकर तालाब पहुंचा और दोनों बच्चों को तालाब में फेंक दिया। बेटे अजय ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक झालरिया गांव निवासी सुनील चौहान मजदूरी करता है। सोमवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उसने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी अनिता की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपनी बेटी माही और बेटे अजय को लेकर घर के पास स्थित तालाब पर पहुंचा और दोनों को पानी में फेंक दिया।
बेटे ने तैरकर बचाई जान, गांव में दी सूचना
तालाब में फेंके जाने के बाद 12 वर्षीय अजय किसी तरह पानी से बाहर निकल आया। उसने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को पूरी घटना बताई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस रात करीब 1 बजे सुनील के घर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस को पत्नी अनिता का शव भी बरामद हो गया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अंधेरे में नहीं मिली बेटी, SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तालाब के आसपास माही की तलाश शुरू की, लेकिन रात में अंधेरा अधिक होने के कारण बच्ची का पता नहीं चल सका। अजय द्वारा बताए गए घटनास्थल के आसपास पुलिस ने तलाश की। इसके बाद करीब ढाई बजे SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में बच्ची की तलाश शुरू की।
पुलिस और SDRF की टीम माही की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

