द पब्लिकेट, महू। बेरछा जंगल में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मंदिर दर्शन कर लौट रही एक कॉलेज छात्रा के साथ दो अज्ञात बदमाशों ने दुष्कर्म किया। घटना बड़गोंदा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, इंदौर की रहने वाली छात्रा अपने मित्र के साथ लगनचा भेरू मंदिर से दर्शन कर लौट रही थी। दोपहर करीब 2 बजे दोनों बेरछा जंगल के पास कुछ देर के लिए रुके, तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ और गर्दन पर चोटें आईं।

आरोपियों ने युवक को डरा-धमकाकर मौके से भगा दिया और युवती को जबरन जंगल के अंदर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। किसी तरह जान बचाकर भागे युवक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

एएसपी रूपेश द्विवेदी के अनुसार, आरोपियों की तलाश में पुलिस ने देर रात तक करीब 12 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और आदतन अपराधियों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *