• वाहन चालक को लिफ्ट के बहाने रोका, आगे रुकते ही भभूति देकर कर दी सोने की चैन गायब 
  • सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस लगी जांच में

द पब्लिकेट, इंदौर। आस्था के नाम पर शहर में साधु बाबा बनकर घूम रहे ठगोरे ने एक युवक के साथ ठगी कर दी। वाहन चालक से बाबा ने लिफ्ट मांगी। थोड़ी आगे उतारने के बाद चालक से परेशानी पूछने के बहाने सोने की चैन ही गायब कर दी। इस मामले में लसूड़िया पुलिस ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कर दी है। सीसीटीवी के आधार पर ठगोरे बाबा की पुलिस छानबीन कर रही है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक आदित्य जैन 29 निवासी क्लासिक टाउनशिप दोपहर करीब 3 बजे स्कूटी से स्कीम नंबर 78 से अपने घर क्लासिक टाउनशिप इंदौर जा रहा था। सिक्का स्कूल के पास सड़क किनारे खड़े एक साधु बाबा ने हाथ देकर उसे रोका। साधु ने जंगल कैफे के पास तक छोड़ने की बात कही, जिसके बाद आदित्य ने उसे अपनी स्कूटी पर बैठा लिया।

शिकायत के अनुसार स्कीम नंबर 136 के पास पहुंचने पर साधु ने उसे स्कूटी रोककर उतार दिया और कहा कि वह उसे कुछ बताना चाहता है। इसके बाद उसने आदित्य के हाथ पर भभूति लगाई और उसे माथे पर लगाने के लिए कहा। आदित्य ने भभूति माथे पर लगाई। इसके बाद साधु ने उसके गले में पहनी पुरानी इस्तेमाल की हुई सोने की चेन उतरवा ली और उसे अपने हाथ में रख लिया।

आरोप है कि साधु ने चेन पर भभूति डालने के बाद आदित्य की मुट्ठी बंद करवाई और चेन उसकी जेब में रखने का दावा किया। इसके बाद उसने आदित्य से कहा कि थोड़ा आगे जाकर वापस आए। आदित्य कुछ दूर जाने के बाद जब अपनी जेब चेक करने लगा तो चेन वहां नहीं मिली।

आदित्य ने आसपास साधु को तलाश किया, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि साधु ने बातों में उलझाकर उसके साथ धोखाधड़ी की और सोने की चेन लेकर चला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *