द पब्लिकेट, इंदौर। पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में 52 लाख रुपए की कथित ठगी की शिकायत लेकर पहुंचे एक व्यक्ति ने अगले ही दिन होटल में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश कर दी। गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आत्मघाती कदम उठाने से पहले पीड़ित ने कथित तौर पर 9 पेज का सुसाइड नोट लिखा और करीब 12 मिनट का वीडियो भी बनाया। नोट और वीडियो में उसने कई लोगों पर सूदखोरी, धमकी, लाखों-करोड़ों रुपए की वसूली, कारोबारी लेन-देन में धोखाधड़ी और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।

पीड़ित की पहचान हकीमुद्दीन सैफी के रूप में हुई है। उसने मंगलवार को पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की जनसुनवाई में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मित्रानंद उर्फ मोंटू शुक्ला, उसके बेटे अथर्व शुक्ला, पत्नी अंशु शुक्ला और परिचित अनुज मिश्रा ने ईरिडियम, स्पंज मिक्स, कोकीन, पारा, पीली सरसों और गंधक जैसी सामग्री से सोना बनाने का झांसा देकर उससे लाखों रुपए लिए और कथित तौर पर 52 लाख रुपए की ठगी की।

मामले को पेचीदा देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने एसीपी अशोक सिंह जादौन को जांच के निर्देश दिए थे। एसीपी ने सदर बाजार थाना प्रभारी को फोन कर हकीमुद्दीन के बयान लेने और मामले की जानकारी देने के निर्देश दिए।

थाने पहुंचा तो बढ़ गया दबाव

जनसुनवाई के बाद हकीमुद्दीन अपने मित्र दीपक जैन के साथ सदर बाजार थाने पहुंचा। इसी दौरान उसे बयान के लिए बैठाए रखने की बात कही गई। जानकारी के मुताबिक, इसी बीच हकीमुद्दीन को कथित तौर पर सूदखोरी के चलते परेशान कर रहे एक व्यक्ति के परिजन भी थाने पहुंच गए।

हकीमुद्दीन ने पुलिस के सामने बयान तो दिया, लेकिन दबाव और भय की स्थिति में उसने बयान पर हस्ताक्षर नहीं किए और थाने से निकल गया। इसके बाद वह घर जाने के बजाय साउथ तुकोगंज स्थित होटल राजशाही पहुंचा और कमरा नंबर 104 लिया।

9 पेज का नोट और 12 मिनट का वीडियो

होटल में हकीमुद्दीन ने कथित तौर पर अपनी पूरी परेशानी, पैसों के लेन-देन और अलग-अलग लोगों पर लगाए गए आरोपों का विवरण लिखते हुए 9 पेज का नोट तैयार किया। इसके बाद उसने करीब 12 मिनट का वीडियो बनाया। वीडियो में वह कथित तौर पर जहर पानी में मिलाकर पीता दिखाई दे रहा है।

होटल स्टाफ को जानकारी मिलने के बाद उसे तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की जांच तुकोगंज पुलिस कर रही है।

इन लोगों पर लगाए आरोप

हकीमुद्दीन ने अपने नोट में सोलफुल निधि लिमिटेड के शरद पोरवाल, एमआईजी निवासी मुकेश जैन, सौरभ मिश्रा, आकाश चावला, नीरज रावत, राजहंस दाल-बाफले वाले अर्चिल उर्फ मौनी रांका, परख जैन (बेसिक्स एंड ऑफबीट), मित्रानंद उर्फ मोंटू शुक्ला और वकील लालजी गौर समेत अन्य लोगों पर अलग-अलग आरोप लगाए हैं।

नोट में उसने दावा किया कि कई लोगों से ब्याज पर रकम लेने के बाद ब्याज सहित बड़ी रकम लौटाई गई, इसके बावजूद उससे अतिरिक्त रकम की मांग की जाती रही। उसने आरोप लगाया कि लगातार वसूली, धमकियों और मानसिक दबाव के कारण वह परेशान था।

बेटी के भविष्य के लिए निवेश की रकम का भी जिक्र

पीड़ित ने वर्ष 2022 में अपनी संपत्ति बेचकर और बचत से रकम जुटाने का भी उल्लेख किया है। उसके मुताबिक उसने बेटी के भविष्य के लिए निवेश के उद्देश्य से कारोबारी परिचित प्रखर जैन को रकम दी थी। आरोप है कि प्रॉपर्टी और कारोबार में निवेश के नाम पर पैसा लेने के बाद रकम वापस मांगने पर उसे कथित तौर पर टाल दिया गया।

नोट में कपड़ों के कारोबार में साझेदारी का भी उल्लेख है। हकीमुद्दीन का आरोप है कि कारोबारी गतिविधियों के दौरान उससे कुछ दस्तावेजों और स्टाम्प पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।

ब्याज सहित पैसा लौटाने के बाद भी मांग का आरोप

हकीमुद्दीन ने मुकेश जैन, शरद पोरवाल, मौनी रांका और अन्य लोगों से लिए गए कर्ज का भी जिक्र किया है। उसका आरोप है कि उसने ब्याज सहित बड़ी रकम चुका दी, लेकिन इसके बावजूद उससे अतिरिक्त रकम की मांग जारी रही।

इसी तरह सौरभ मिश्रा पर लोन दिलाने के नाम पर संपर्क करने और बाद में बैंक लोन व टॉपअप से जुड़े लेन-देन में कथित करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पूरे आर्थिक लेन-देन की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने लिए बयान, अब जांच पर नजर

पीड़ित के मित्र अमित के मुताबिक, हकीमुद्दीन ने जिन लोगों के नाम लिए हैं, उनमें से कई से उसने ब्याज पर रकम ली थी और कथित तौर पर ब्याज सहित कई गुना रकम वापस भी कर चुका था। इसके बावजूद लगातार पैसों की मांग और दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक हकीमुद्दीन के बयान लिए गए हैं। अब उसके लिखित नोट, वीडियो, बैंकिंग लेन-देन, दस्तावेजों और लगाए गए आरोपों की जांच के बाद पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी। फिलहाल तुकोगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *