द पब्लिकेट, इंदौर। रियल एस्टेट कारोबारी संदीप उर्फ बंटी नागर की मौत के मामले में पुलिस की जांच के साथ ही उनके कारोबारी संबंधों और पुराने लेनदेन से जुड़े नए पहलू सामने आ रहे हैं। जांच के दायरे में अब भूमाफिया चंपू अजमेरा की पत्नी योगिता अजमेरा का नाम भी आया है। सूत्रों के मुताबिक, बंटी नागर और योगिता के बीच करोड़ों रुपये के कारोबारी लेनदेन थे। राऊ क्षेत्र की एक कॉलोनी के मुनाफे के हिसाब–किताब को लेकर दोनों के बीच विवाद की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, चंपू अजमेरा के जेल जाने के बाद योगिता ने उसके कारोबार की जिम्मेदारी संभाली थी। इसी दौरान बंटी नागर के साथ उनके कारोबारी संबंध बने और दोनों कुछ प्रोजेक्ट से जुड़े। बताया जा रहा है कि राऊ की एक कॉलोनी के मुनाफे को लेकर दोनों के बीच हिसाब-किताब का विवाद था। योगिता के कई बार बंटी नागर के ऑफिस पहुंचने और लेनदेन को लेकर बातचीत के दौरान गहमागहमी होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब इन दावों की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
घटना वाली रात योगिता के भी लिए गए बयान
बंटी नागर की मौत के बाद पुलिस ने उनके कारोबारी संपर्कों और पुराने विवादों से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक, घटना वाली रात ही योगिता अजमेरा के बयान भी दर्ज किए गए थे। पुलिस अब दोनों के बीच हुए लेनदेन, प्रोजेक्ट में साझेदारी और बकाया रकम की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कारोबारी विवाद किस स्तर तक पहुंचा था और क्या इसका बंटी नागर की मौत से कोई संबंध है।
निलेश उपाध्याय से कारोबारी संबंधों की भी पड़ताल
जांच में योगिता अजमेरा के निलेश उपाध्याय से पारिवारिक संबंध होने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जाता है कि योगिता उन्हें राखी बांधती हैं। सूत्रों के मुताबिक, बंटी नागर और निलेश उपाध्याय के बीच भी कारोबारी संपर्क थे। बंटी को धमकाने या उन पर दबाव बनाने में निलेश की भूमिका होने संबंधी चर्चाओं की हालांकि पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है। करीब चार महीने पहले निलेश उपाध्याय की जन्मदिन पार्टी में शहर के कई बिल्डर, कॉलोनाइजर और कारोबारियों के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस कारोबारी संपर्कों और संभावित विवादों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
दो अन्य महिलाओं से जुड़े मामलों की भी जांच
बंटी नागर की मौत के मामले में तीन महिलाओं से जुड़े कारोबारी विवादों की जानकारी सामने आने की चर्चा है। इनमें पहला मामला योगिता अजमेरा से जुड़ा है, जिसमें करोड़ों के लेनदेन और कॉलोनी के मुनाफे का हिसाब प्रमुख है। बाकी दो महिलाओं से जुड़े मामलों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इनकी भी जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
दोनों मोबाइल और ऑफिस के दस्तावेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बंटी नागर के दोनों मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें मौजूद कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इसके अलावा ऑफिस से मिले दस्तावेजों और प्रोजेक्ट से जुड़े कारोबारी रिकॉर्ड की भी पड़ताल हो रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत से पहले बंटी किन लोगों के संपर्क में थे और किन कारोबारी मामलों को लेकर उनकी बातचीत चल रही थी।
फिलहाल पुलिस ने बंटी नागर की मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। योगिता अजमेरा, निलेश उपाध्याय और अन्य कारोबारी संपर्कों से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है। ऐसे में कारोबारी विवादों में सामने आए नामों को उनकी मौत से सीधे जोड़ना अभी उचित नहीं होगा।

