द पब्लिकेट, इंदौर। लसूड़िया में चंदर की पीट-पीटकर हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सूरज जाट ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सूरज पर लसूड़िया पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। हालांकि, उसने मॉब लिंचिंग के मामले में नहीं, बल्कि विजयनगर थाने के वर्ष 2020 के एक पुराने वारंट के मामले में विशेष न्यायालय में मजिस्ट्रेट के सामने सरेंडर किया। इसकी जानकारी मिलते ही लसूड़िया पुलिस भी कोर्ट पहुंच गई और हत्या के मामले में उसकी कस्टडी मांगी, लेकिन कोर्ट ने सूरज का जेल वारंट जारी कर दिया।
दरअसल, लसूड़िया क्षेत्र में चंदर नाम के युवक पर गाय चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल चंदर की बाद में मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस अब तक करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सूरज जाट लंबे समय से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
सूरज जाट पर हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। परदेशीपुरा क्षेत्र में मेंबर राजेंद्र राठौर के घर पर गोली चलाने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। कई थानों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुराने वारंट के मामले में उसके सरेंडर करने की जानकारी मिलने पर लसूड़िया पुलिस ने उसे हत्या के मामले में अपनी हिरासत में लेने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट से कस्टडी नहीं मिल सकी।
प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाएगी पुलिस
लसूड़िया पुलिस अब सूरज जाट को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मॉब लिंचिंग और चंदर की मौत के मामले में पूछताछ करेगी। पुलिस उससे घटना में शामिल अन्य आरोपियों और मारपीट से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर पूछताछ कर सकती है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी के सरेंडर के बाद अब इस मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।

