द पब्लिकेट, इंदौर। इंदौर के बड़े प्रॉपर्टी कारोबारी बंटी उर्फ संदीप नागर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रविवार रात पलासिया थाना क्षेत्र स्थित अपने ऑफिस में उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई के बाद ऑफिस सील कर दिया। मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के मुताबिक, संदीप नागर अपने ऑफिस के 404 नंबर में थे, जहां उन्होंने फांसी लगा ली। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद एसीपी निधि दंडोतिया भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद ऑफिस को सील कर दिया है।
फिलहाल सुसाइड नोट नहीं मिला, मोबाइल और परिजनों के बयान अहम
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की डिटेल और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई प्रोजेक्ट और डायरी पर प्लॉट की चर्चा
संदीप नागर की मौत के बाद उनके रियल एस्टेट कारोबार को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सांवेर रोड और सुपर कॉरिडोर समेत शहर के आसपास कई स्थानों पर उनके प्रोजेक्ट संचालित होने की बात सामने आ रही है। इनमें एक दर्जन से अधिक प्रोजेक्ट होने और बड़ी संख्या में प्लॉट डायरी के माध्यम से बेचे जाने की चर्चाएं हैं। ऐसे में इन प्रोजेक्टों में निवेश करने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, प्रोजेक्ट की संख्या, लेनदेन और निवेश से जुड़े इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
वहीं, कुछ संपत्तियों को लेकर विवाद और एक महिला से जुड़े मामले की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की भी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कारोबारी की मौत के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

