द पब्लिकेट, इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नगर अध्यक्ष पद की घोषणा से पहले संगठन में दलित प्रतिनिधित्व का मुद्दा जोर पकड़ने लगा है। नगर अध्यक्ष पद के दावेदार सागर कोरोसिया ने भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री/महामंत्री श्याम टेलर से मुलाकात कर दलित समाज के कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई है।
सागर कोरोसिया का कहना है कि दलित समाज के कार्यकर्ता लंबे समय से संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से काम कर रहे हैं। इसके बावजूद संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या संगठन के प्रमुख पदों पर हर बार केवल सामान्य वर्ग के नेताओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी या फिर समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दलित समाज के कई युवा कार्यकर्ता संगठन के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और नेतृत्व क्षमता भी रखते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने से संगठन और मजबूत होगा। कोरोसिया ने श्याम टेलर से आग्रह किया कि नगर अध्यक्ष की नियुक्ति के दौरान सामाजिक संतुलन और दलित समाज के योगदान को भी ध्यान में रखा जाए।
भाजयुमो नगर अध्यक्ष पद को लेकर पहले से ही राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में घोषणा से ठीक पहले दलित प्रतिनिधित्व का मुद्दा सामने आने से नगर अध्यक्ष पद की दौड़ में सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण हो गए हैं।
अब निगाहें भाजपा संगठन पर टिकी हैं कि नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी किस युवा नेता को सौंपी जाती है और क्या नियुक्ति में सामाजिक संतुलन को प्राथमिकता दी जाती है।

