द पब्लिकेट, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक वर्ष 2027 में उज्जैन में आयोजित की जाएगी। इस प्रस्ताव को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में सहमति मिल गई है।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि बैठक के दौरान गृह मंत्री अमित शाह उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का भी जायजा लेंगे। इसमें व्यापक नागरिक व्यवस्थाओं, मानव प्रबंधन और आपदा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में जानकारी बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में साझा की गई। उज्जैन में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

