द पब्लिकेट, भोपाल। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशे के खिलाफ लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों में 4.38 किलो एम्फेटामिन ड्रग्स जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए बताई गई है। कार्रवाई में एक नाइजीरियाई महिला समेत दो कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

DRI के मुताबिक, 23 सितंबर को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर हजरत निजामुद्दीन से भोपाल आ रही ट्रेन में एक भारतीय यात्री को भोपाल जंक्शन पर रोका गया। उसके नीले डफल बैग की तलाशी में तीन पॉलीथिन पैकेट मिले, जिनमें 2.014 किलो सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ था। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ एम्फेटामिन पाया गया।

इसके अगले दिन 24 सितंबर को दूसरी कार्रवाई में DRI की टीम ने आगरा कैंट से ट्रेन के जरिए भोपाल आ रही एक नाइजीरियाई महिला यात्री को रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पकड़ा। उसके सामान की तलाशी में चार सलवार-कुर्तों के अंदर छिपाए गए चार पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में 2.368 किलो क्रिस्टलीय एम्फेटामिन मिला।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 4.38 किलो एम्फेटामिन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए है। DRI ने दोनों आरोपियों को NDPS एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *