द पब्लिकेट, इंदौर। भंवरकुआ पुलिस ने सोमवार रात एक सटोरिये को ऑनलाइन सट्टा खेलते इलाके से पकड़ा। उसके साथ खड़े दो और सटोरिए पुलिस को देख भाग निकले। ऐसा बताया गया लेकिन इस सटोरिये का दुबई में बड़ा नेटवर्क है अगर बारीकी से जांच हुई तो सट्टे के बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।

भंवरकुआ पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को पुलिस टीम भोलाराम उस्ताद मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव गांधी चौराहा के पास एक युवक ऑनलाइन आईडी के माध्यम से सट्टा खेल और खिला रहा है। सूचना पर पुलिस टीम पंचों के साथ मौके पर पहुंची, जहां बताए गए हुलिये का युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आसपास खड़े अन्य युवक भाग निकले, जबकि मुख्य आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र पहलवानी (40) निवासी शिवधाम कॉलोनी, खंडवा रोड इंदौर बताया। तलाशी के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर पाया गया कि वह ‘ग्रैंड एक्सचेंज’ प्लेटफॉर्म के जरिए आईडी बनाकर क्रिकेट मैचों और कसीनो गेम्स पर सट्टा चला रहा था। पुलिस को मोबाइल में सट्टेबाजी से जुड़े पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य भी मिले। सूत्रों से जानकारी लगी है कि आरोपी महेंद्र पहलवानी उर्फ बाबू भाई के साथ विशाल बाबा और मुक्की नाम के सटोरिये भी थे जिनको शैलेंद्र नाम के पुलिसकर्मी ने हिरासत में लेकर थाने बिठाया था। यह जानकारी थाना प्रभारी को नहीं थी। इसी बात का फायदा उठाकर संभवतः दोनों को थाने के बाहर कर दिया। 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पोको कंपनी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पब्लिक जुआ अधिनियम की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *