द पब्लिकेट, इंदौर। लोकमाता देवी अहिल्या बाई होलकर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा के गणेश हॉल में मध्य प्रदेश की कैबिनेट मीटिंग का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्री परिषद की बैठक राजवाड़ा में वंदे मातरम के गान के साथ शुरू हुई। बैठक में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को 25 हजार रुपए का इनाम, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाना, ओंकारेश्वर को सांस्कृतिक केंद्र के परिवर्तित करना, यशवंत राव होलकर अस्पताल में कायकल्य होने को मंजूरी मिली। बैठक में प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण फैसलों पर भी चर्चा हुई जिसमें विजन 2047 भी शामिल था। 

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंत्रियों के साथ रजवाड़ा पर कैबिनेट बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बैठने के लिए गणेश हॉल पटिए और गद्दे बिछाए गए थे। बैठक से पहले डॉक्टर मोहन यादव की सीट के आगे देवी अहिल्याबाई की मूर्ति रखकर और माल्यार्पण के बाद बैठक शुरू हुई। राजवाड़ा आने से पहले मोहन यादव ने प्राणी संग्रहालय में निरीक्षण कर किंग कोबरा की सौगात भी इंदौर वन्य प्रेमियों को दी। इसके बाद यादव ने महाराज होलकर की स्मृति में लालबाग के जीर्णोद्धार के लिए 40 करोड़ रुपए से ज्यादा के निर्माण कार्य के लिए भूमी पूजन किया। 

ओंकारेश्वर बनेगा सांस्कृतिक केंद्र 

बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया ओंकारेश्वर पर आदि शंकराचार्य की प्रतिमा के आस-पास सनातन परंपराओं के विकास के लिए 2100 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया है। लोग यहां रहकर पढ़कर, रिसर्च, अध्ययन कर सकेंगे। इसलिए एक हजार लोगों के लिए हॉस्टल बन रहे है, जिसमें पांच सितारा कमरे भी शामिल है। उज्जैन में महाकाल लोक बनने के बाद दर्शकों की संख्या बढ़ी है और इकॉनमी भी बदली है। इसी तरह का कम ओंकारेश्वर में भी किया जाएगा। 

अस्पताल पहुंचाने पर मिलेंगे 25 हजार 

विजयवर्गीय ने बताया कब कभी एक्सीडेंट हो जाता है तो लोग देखकर आगे बढ़ जाते है। लेकिन अब जहां भी सड़क हादसा होगा और व्यक्ति घायल को अस्पताल पहुंचाएगा तो उसे सरकार राहवीर योजना के तहत 25 हजार को इनाम देगी। अस्पताल पुलिस से संपर्क कर व्यक्ति की जानकारी देगा जिसके बाद व्यक्ति को राशि मिलेगी। 

किसनों को 20 करोड़ का भुगतान 

प्रदेश सरकार ने इस बार एमएसपी 2400-2500 रुपए तय थी। सरकार ने 2600 रुपए प्रति क्विंटल में गेहूं खरीदा। पिछली बार से 30 लाख मीट्रिक टन ज्यादा खरीदी की है। किसानों को 20 हजार करोड़ रुपयों का भुगतान किया गया है।

मेट्रोपॉलिटन सिटी बनेंगे पांच शहर 

विजयवर्गीय ने बताया कि बैठक में इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर मेट्रोपॉलिटन विकास प्राधिकरण बनाने का फैसला किया गया है। इसमें कुछ हिस्सा देवास और धार का भी मिलाया जाएगा। इसके नियमों को मंजूरी दी गई। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि नगर निगमों के काम प्रभावित न हों। सीएम डॉक्टर मोहन यादव इसके चेयरमैन होंगे।  

एमवाय अस्पताल का कायकल्प होगा 

होलकर नरेश यशवंतराव ने एमवाय अस्पताल बनवाया। इसके बाद उसमें कोई बड़ा काम नहीं हुआ। 773 करोड़ रुपए से वर्तमान व्यवस्था से दोगुनी व्यवस्था होगी। यह हॉस्पिटल हार्ट, लिवर की सर्जरी होगी, ताकि लोगों को दिल्ली-मुंबई न जाना पड़े। रीवा के जिला अस्पताल को 321 करोड़ रुपए दिए हैं। सेंट्रल इंडिया के लिए गरीब और मध्यमवर्गीय के लिए बड़ा तोहफा है। 

स्वच्छ भारत मिशन 2.0

स्वच्छ भारत मिशन पीएम ने शुरू किया है। 2.0 में कई ऐसे प्रावधान हैं जो नंबर वन में नहीं थे। अब हम मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता कार्यक्रम फिर शुरू कर रहे हैं। इसके लिए 277 करोड़ का प्रावधान किया है। विजयवर्गीय ने कहा- ये राशि कम लग रही है। आगे बढ़ाई जाएगी।

बुनकरों को मिलेगा रोजगार 

लोकमाता देवी अहिल्या ने उस समय रोजगार देने के लिए बुनकरों को महेश्वर में साड़ी बनाने का प्रशिक्षण दिया था। उनको समर्पित स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम हमने शुरू किया है। इसके तहत व्यक्ति को बैंक ब्याज से छूट दी जाएगी। योजना में 100 करोड़ का प्रावधान है। 

वूमन हॉस्टल बनेंगे 

वर्किंग वूमन हॉस्टल इंडस्ट्रियल एरिया में बनाने के प्रस्ताव पर मंत्रियों ने सुझाव दिया है कि उद्योगपति सीएसआर फंड से भी यह काम कर सकते हैं। इसे पीपीपी मोड पर भी बनाने का काम किया जा सकता है। सभी जिलों में बनाएंगे। पीथमपुर में, मालनपुर, उज्जैन में बनेंगे। इंडस्ट्रिलिस्ट से सीएसआर मद में बनवाएंगे। पीपीपी मोड में भी बनवाएंगे। खासकर औद्योगिक क्षेत्र में महिलाएं सुरक्षित रह सकें, इसलिए ये योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2025 DJ Digital Venture