द पब्लिकेट, इंदौर। स्काई कॉर्पोरेट पार्क स्थित मार्क पब के बाहर देर रात हिंसक विवाद का मामला सामने आया है। पार्टी खत्म होने के बाद बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोस्तों के बीच आपस में बिल को लेकर कहसुनी हो गई। बाहर निकलते ही पीड़ित पर उसके दोस्तों ने बेल्ट, ब्लॉक और लात-घूंसों से हमला कर दिया। घटना में एक युवक का सिर फूट गया, जबकि एक नाबालिग समेत दो लोग घायल हुए हैं।

घटना 23 मई की रात की बताई जा रही है। लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक यश सोनकर अपने दोस्तों रोहन सोनकर और 16 वर्षीय शौर्य कौशल के साथ पब में पार्टी करने पहुंचे थे। देर रात बिल भुगतान को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद जब तीनों युवक बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी के पास पहुंचे, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

फरियादी के अनुसार अनिकेत उर्फ पप्पी, राज पथरोड़, नमन शर्मा, यश जाट और अजय जाट ने पहले कहासुनी की और फिर हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि राज पथरोड़ ने बेल्ट से मारपीट की, जबकि यश जाट ने ब्लॉक उठाकर रोहन सोनकर के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाकी आरोपियों ने भी लात-घूंसों से हमला किया।

मारपीट में यश सोनकर के चेहरे और कंधे पर चोट आई है, जबकि नाबालिग शौर्य कौशल के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद के दौरान पब स्टाफ ने फरियादी पक्ष की स्कॉर्पियो को पार्किंग में ही खड़ा करवा लिया था और काफी देर तक वाहन बाहर नहीं निकलने दिया। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *