द पब्लिकेट से कृष्णा प्रताप सिंह, इंदौर। शहर में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शहर में कई जगह सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर ऐसा जुगाड़ किया गया है, जो बारिश के मौसम में वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। वार्ड-47 में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है, जहां सीमेंट की सड़क के बीच ब्लॉक की सड़क बना दी गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की इस स्थिति के कारण खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान ब्लॉक वाली सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने और हादसे होने का खतरा बना रहता है। खराब सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण राहगीरों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।

रेलवे स्टेशन से वल्लभ नगर जाने वाली सड़क पर जुगाड़

रेलवे स्टेशन से वल्लभ नगर की ओर जाने वाली सड़क पर सीमेंट की सड़क के बीच ब्लॉक लगाकर रास्ते को तैयार किया गया है। सड़क के दोनों हिस्सों के निर्माण में अंतर होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। बारिश में स्थिति और खराब हो जाती है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलने का खतरा बढ़ जाता है।

मालवा मिल-जंजीरवाला चौराहे की सड़क भी बदहाल

मालवा मिल से जंजीरवाला चौराहे की ओर जाने वाली सड़क और शैल्बी हॉस्पिटल की ओर जाने वाले मार्ग की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में एंबुलेंस का आवागमन होता है। सड़क पर गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाए जा रहे मरीजों के लिए एंबुलेंस का सफर पहले ही चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में खराब सड़क और गड्ढों के कारण उन्हें अतिरिक्त झटकों का सामना करना पड़ता है।

सड़क के लिए पत्र भेज दिया है 

सरवाटे रोड के चौराहे पर चंद्रयान बनेगा इसलिए रोड थोड़ी ख़राब है। थोड़े दिन में लोकार्पण है। हमने पैच वर्क करवाया था। शैल्बी अस्पताल के सामने वाली सड़क ज्यादा ख़राब है। इसके निर्माण के लिए पत्र भेजा है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। राजकुमार ब्रिज के आगे छोटे मोटे गड्ढे है। थोड़ा बहुत चलता है। 

पार्षद नंदकिशोर पहाड़िया, वार्ड-47 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *