द पब्लिकेट, इंदौर। एमआर-10 चौराहे से लगी सर्विस रोड पर नगर निगम कर्मचारियों और एक परिवार के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि निगम कर्मचारियों ने पहले घर के बाहर नाश्ता कर रहे गुरु दयाल गोशर के नाश्ते पर झाड़ू लगा दी, जिसके बाद कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, हीरा नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले गुरु दयाल गोशर अपने घर के बाहर बैठकर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान नगर निगम के कर्मचारी वहां सफाई कर रहे थे। सफाई के दौरान कर्मचारियों की झाड़ू उनके नाश्ते पर लग गई। इस बात को लेकर गुरु दयाल और निगम कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों ने अपने दरोगा को मौके पर बुलाया। आरोप है कि दरोगा और कर्मचारियों ने गुरु दयाल के साथ हाथापाई शुरू कर दी। पिता के साथ मारपीट होते देख उनके बेटे शुभम गोशर बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद निगम कर्मचारियों और दरोगा ने शुभम के साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान किसी निगम कर्मचारी द्वारा शुभम के सिर पर लोहे के सरिये से वार कर दिया। उसके हाथ पर भी चोट पहुंचाई गई। सिर में सरिया लगने से शुभम को गंभीर चोट आई और उसे 6 टांके लगाए गए। मारपीट में उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम पिता गुरुदयाल की शिकायत पर आरोपी दुर्गेश आमोदे निवासी मूसाखेड़ी, तुषार भैरवे निवासी बापू गांधी नगर और अभिजीत ओडवाल निवासी लुनियापुरा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

