द पब्लिकेट, इंदौर। एयर इंडिया की टिकट बुकिंग को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। एक यात्री ने आरोप लगाया है कि उसकी 3 यात्रियों की बुकिंग इंदौर से गोवा की किसी अज्ञात व्यक्ति ने खुद को यात्री बताकर फर्जी तरीके से रद्द करा दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि एयर इंडिया ने केवल PNR के आधार पर बुकिंग रद्द कर दी, जबकि रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या अन्य पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन नहीं किया गया।
यात्री के मुताबिक, उसने कभी भी अपनी बुकिंग रद्द कराने का अनुरोध नहीं किया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद उसने एयर इंडिया के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक उसकी बुकिंग बहाल नहीं की गई और न ही संतोषजनक समाधान मिला।
शिकायतकर्ता ने एयर इंडिया की सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि केवल किसी कॉल करने वाले के कहने पर टिकट रद्द की जा सकती है, तो यह यात्रियों की सुरक्षा और निजी जानकारी की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उनका दावा है कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है।
यात्री ने एयर इंडिया से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बुकिंग बहाल करने अथवा उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपनी वेरिफिकेशन प्रक्रिया को मजबूत करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि एयर इंडिया से बातचीत के दौरान उन्हें जिस व्यक्ति का नाम बताया गया, वह अंकित द्विवेदी (Ankit Diwedi) है और उसका मोबाइल नंबर +91 91315 49310 बताया गया।

