द पब्लिकेट, इंदौर/देवास। पुणे की टीसीएस आईटी कंपनी में कार्यरत युवती ने देवास निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, लाखों रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने श्री राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात अप्रैल 2025 में पुणे में एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम महेंद्र बताया था। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि बाद में युवक उसे अपने परिवार से मिलाने के बहाने देवास ले गया, जहां घर पर कोई नहीं था। पीड़िता का आरोप है कि वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ पहली बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी कई बार पुणे आया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। इस दौरान उसने अलग-अलग कारण बताकर उससे पैसे भी लिए। पीड़िता का दावा है कि आरोपी उससे करीब 7 से 8 लाख रुपये ले चुका है, जिसके संबंध में नवंबर 2025 में दोनों के बीच एक एग्रीमेंट भी कराया गया था।

युवती का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम शाहरुख बाग है और उसने अपनी पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि देवास में एक बार आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उसका शारीरिक शोषण किया।

शिकायत के अनुसार 17 मई 2026 को जब युवती शादी की बात करने देवास पहुंची तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया, उसके साथ अभद्रता की और दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले को लेकर श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दीक्षित सहित मान सिंह राजावत, रणविजय सिंह तोमर, कपिल कौशल एवं अन्य कार्यकर्ता पीड़िता के साथ पुलिस थाने पहुंचे। संगठन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *