द पब्लिकेट, इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से करीब 15 दिन पहले लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने उज्जैन जिले के बड़नगर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की प्रारंभिक जांच में पुलिस ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। जांच के अनुसार, किशोरी के एक दोस्त और एक महिला समेत कुछ लोगों ने कथित तौर पर 3 लाख रुपये में उसका सौदा कर बड़नगर निवासी युवक से शादी करा दी। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर के मुताबिक, किशोरी की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। इस दौरान किशोरी के दोस्त राकेश यादव से पूछताछ की गई, जिसमें सोनू बंजारा नामक महिला की भूमिका सामने आई। पुलिस का दावा है कि इसी नेटवर्क के जरिए किशोरी को बड़नगर भेजा गया, जहां उसकी शादी संजय पाटीदार से कराई गई।

पुलिस टीम ने बड़नगर से किया रेस्क्यू

मामले की जानकारी मिलने के बाद बाणगंगा पुलिस की टीम बड़नगर पहुंची और किशोरी को सकुशल बरामद कर इंदौर ले आई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

3 लाख के लेन-देन की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि किशोरी को कथित तौर पर 3 लाख रुपये में संजय पाटीदार के पास भेजा गया था। किशोरी ने पुलिस को बताया कि इस रकम में से उसे भी कुछ पैसे दिए गए थे। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पैसों के लेन-देन और अन्य दावों की अभी जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

शादी के बाद जेवर और नकदी लेकर भागने की थी कथित योजना

पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, किशोरी को कथित तौर पर समझाया गया था कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद वह इंदौर लौट आए और दूल्हे के घर से नकदी व सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग जाए। इसके बाद रकम और सामान को आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी।

विवाद होने पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की सलाह देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यदि दूल्हा या उसका परिवार विरोध करता, तो किशोरी को उनके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की सलाह दी गई थी। पुलिस इन आरोपों की भी गहन जांच कर रही है।

मानव तस्करी समेत कई पहलुओं पर जांच

फिलहाल पुलिस ने मामले से जुड़े चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मानव तस्करी, नाबालिग से जुड़े अपराध, फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा अन्य संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *