द पब्लिकेट भोपाल। प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर चल रहे किसानों के विरोध के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की करीब 25 प्रतिशत मूंग की खरीद किए जाने का प्रावधान है। उनके इस बयान के बाद किसानों में नई चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, किसान संगठनों का कहना है कि प्रदेश में इस बार मूंग का उत्पादन अधिक हुआ है और बड़ी संख्या में किसानों की उपज अब भी खरीदी का इंतजार कर रही है। ऐसे में केवल सीमित खरीद से किसानों की समस्या पूरी तरह हल नहीं होगी।
इधर, किसानों की निगाहें अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर टिक गई हैं। किसान उम्मीद जता रहे हैं कि राज्य सरकार केंद्र से समन्वय कर खरीदी की मात्रा बढ़ाने या अन्य राहत संबंधी निर्णय ले सकती है, जिससे अधिक किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
मूंग खरीदी को लेकर प्रदेश के कई हिस्सों में किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान मांग कर रहे हैं कि उनकी पूरी उपज का समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े। अब सभी की नजर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अगले फैसले पर है।

