द पब्लिकेट, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादलों की बड़ी सूची जारी करते हुए कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में भास्कर लक्षकार को इंदौर का नया संभाग आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान संभाग आयुक्त सुदाम खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव बनाया गया है। जिला पंचायत इंदौर के सीईओ सिद्धार्थ जैन भी अब मुख्यमंत्री कार्यालय के अधीन कार्य करेंगे।
सरकार ने के.सी. गुप्ता को अपर मुख्य सचिव (APC) के साथ-साथ उद्यानिकी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं वरिष्ठ आईएएस मनीष सिंह को ऊर्जा विभाग का प्रभार दिया गया है।
उद्योग वर्ष के सफल क्रियान्वयन को देखते हुए राघवेन्द्र सिंह को अहम जिम्मेदारी देते हुए वन विभाग का प्रभार सौंपा गया है। वहीं मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारियों में शामिल संदीप यादव को जल संसाधन विभाग की कमान दी गई है। उनके जिम्मे केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं भी रहेंगी।
डॉ. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग के साथ-साथ नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पूर्व जनसंपर्क आयुक्त रह चुके सुदाम खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव पद पर पदस्थ कर सरकार ने उन पर एक बार फिर भरोसा जताया है। वहीं कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इस तबादला सूची में अजय कटेसरिया को भी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मध्य प्रदेश शासन में लंबे समय बाद पदोन्नति नियमों के क्रियान्वयन और समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने वाले सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के उप सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी प्राथमिकताओं और विकास परियोजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

