द पब्लिकेट, भोपाल। इंदौर से शुरू हुई कांग्रेस की ‘युवा स्वाभिमान जेन-जी सायक्लोथॉन’ का सोमवार को भोपाल में समापन हो गया। दो दिनों तक लगातार साइकिल चलाकर भोपाल पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हजारों युवाओं के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के छात्रों को मुफ्त शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के युवा शिक्षा व्यवस्था की खामियों, पेपर लीक और बेरोजगारी से परेशान हैं, जिसके खिलाफ यह अभियान चलाया गया।
यात्रा के दूसरे दिन सायक्लोथॉन की शुरुआत सीहोर जिले के ग्राम कोठरी से हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, यूथ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सीहोर के कोतवाली चौक पर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इंदौर से भोपाल तक की यह यात्रा केवल साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि उन युवाओं की आवाज है जो शिक्षा व्यवस्था की अनियमितताओं और लगातार हो रहे पेपर लीक से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब युवा अपने अधिकारों के लिए खुलकर संघर्ष करेगा।
शिक्षा और रोजगार को लेकर सरकार पर निशाना
भोपाल में आयोजित समापन सभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश के हर छात्र को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ मुफ्त शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की भी मांग की।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया और युवाओं को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। सभा के अंत में कांग्रेस ने संकल्प लिया कि ‘शिक्षा और रोजगार के अधिकार’ की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक युवाओं की मांगों को पूरा नहीं किया जाता।

