द पब्लिकेट, भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। प्रदेश शासन के गृह विभाग ने लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे निरीक्षक संवर्ग के अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी कर दिए हैं। मंत्रालय स्थित वल्लभ भवन से 13 जुलाई 2026 को जारी आदेश के बाद पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।
गृह विभाग के आदेश क्रमांक 301/5548901/2026/बी-4 के अनुसार निरीक्षक संवर्ग के पात्र अधिकारियों को छठे वेतनमान ₹15,600-39,100 + ग्रेड पे ₹5,400 (सातवें वेतनमान के लेवल-12, ₹56,100-1,77,500) में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है।
विभाग द्वारा जारी 13 पृष्ठों की पदोन्नति सूची में प्रदेश के विभिन्न जिलों और इकाइयों में पदस्थ निरीक्षकों के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों को विभागीय नियमों के अनुसार डीएसपी के पद पर पदोन्नत कर आगामी पदस्थापना की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
पुलिस विभाग में लंबे समय से निरीक्षक से डीएसपी पदोन्नति की प्रक्रिया लंबित थी। आदेश जारी होने के बाद पदोन्नत अधिकारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि जल्द ही इन अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं के आदेश भी जारी किए जा सकते हैं, जिससे प्रदेश के कई जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस पदोन्नति को मध्य प्रदेश पुलिस के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है, क्योंकि इससे नेतृत्व स्तर पर रिक्त पदों की पूर्ति होगी और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

