द पब्लिकेट, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने युवाओं से संवाद और उनके मुद्दों को संगठन में प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से ‘युवा मामलों की समिति’ का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद इस समिति का गठन किया, जिसमें पूर्व विधायक विपिन वानखेड़े को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

युवाओं के मुद्दों पर लगातार सक्रिय और मुखर रहने वाले विपिन वानखेड़े को समिति में शामिल किए जाने को कांग्रेस की युवा रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि वानखेड़े प्रदेशभर के युवाओं की समस्याओं, रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य युवा हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संगठन के सामने रखेंगे तथा उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विपिन वानखेड़े का छात्र राजनीति में लंबा और सक्रिय अनुभव रहा है। उन्होंने एनएसयूआई में जिला अध्यक्ष से लेकर लगभग 10 वर्षों तक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव के पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस का मानना है कि ‘युवा मामलों की समिति’ के माध्यम से प्रदेश के युवाओं की समस्याओं और सुझावों को सीधे संगठन तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पार्टी की युवा नीति को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *