द पब्लिकेट, इंदौर। एयरटेल के नेटवर्क में आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण सोमवार को हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नेटवर्क ठप होने से मोबाइल कॉलिंग, इंटरनेट और मैसेजिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। कई यूजर्स के मोबाइल फोन में अचानक नेटवर्क गायब हो गया, जबकि कुछ क्षेत्रों में इंटरनेट की स्पीड पूरी तरह शून्य हो गई।
नेटवर्क बाधित होने के कारण ऑनलाइन भुगतान, ऑफिस का काम, वीडियो कॉलिंग और अन्य डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि लंबे समय तक नेटवर्क नहीं आने से उन्हें जरूरी संपर्क और कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सबसे बड़ी परेशानी यह रही कि एयरटेल के कस्टमर केयर से भी संपर्क नहीं हो सका। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई।
तकनीकी खराबी के कारण नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह धराशाई होने की बात सामने आ रही है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से समस्या के कारणों को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। तकनीकी टीम नेटवर्क बहाल करने में जुटी हुई है।
शहर के विभिन्न इलाकों से नेटवर्क बंद होने की शिकायतें मिलने के बाद उपभोक्ताओं को जल्द सेवाएं सामान्य होने का इंतजार है।

