द पब्लिकेट, इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित चोइथराम मंडी शराब दुकान पर अवैध अहाते और गुमटियों को लेकर देर रात जमकर बवाल हो गया। शराब दुकान के लाइसेंसी पक्ष के कर्मचारियों पर भाजपा विधायक मधु वर्मा से जुड़े बताए जा रहे लोगों ने पथराव, मारपीट और फायरिंग कर दी। कर्मचारी घायल हुए है। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक शराब दुकान के बाहर संचालित गुमटियों और अवैध अहाते को हटाने को लेकर पिछले कई दिनों से तनातनी चल रही थी। इसी विवाद के बीच देर रात विधायक मधु वर्मा के समर्थकों ने जमकर बवाल किया। आरोप है कि विधायक समर्थक भानु प्रताप सिंह सिसोदिया और किशोर मराठा अपने साथ बड़ी संख्या में लोगों को लेकर दुकान पहुंचे, जहां विवाद हिंसक हो गया।
पहले कहासुनी, फिर हमला
बताया जा रहा है कि दिन में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मामला थाने तक पहुंचा था। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया था, लेकिन रात में फिर तनाव बढ़ गया। शराब दुकान संचालक सिद्धार्थ जयसवाल का आरोप है कि करीब 50 से अधिक लोग दुकान पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पथराव हुआ, दुकान के बाहर तोड़फोड़ की गई और जवाब में अंदर से बियर की बोतलें फेंकी गईं।
फायरिंग के दावे, पुलिस ने नकारा
घटना के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलने की बात सामने आई है। मौके से तीन खाली खोल मिलने की भी चर्चा रही, लेकिन राजेंद्र नगर टीआई यशवंत बड़ोले ने फायरिंग की बात से साफ इंकार किया है। उनका कहना है कि केवल विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी।
“राऊ विधानसभा हमारी है…”
शराब दुकान के लाइसेंसी सिद्धार्थ जायसवाल ने आरोप लगाया कि उन पर दुकान के बाहर गुमटी और अहाता चलाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि विरोध करने पर धमकियां दी जाती थीं और हर महीने रकम मांगने की बात कही जाती थी। जायसवाल के मुताबिक घटना के बाद डरे कर्मचारी दुकान छोड़कर भाग गए, जबकि एक घायल कर्मचारी उत्तर प्रदेश चला गया है, जिसे बयान के लिए बुलाया जा रहा है।
CCTV फुटेज में कैद हुआ हंगामा
दुकान संचालक पक्ष का दावा है कि पूरी घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

