द पब्लिकेट, इंदौर। शहर के चर्चित बदमाश मोंटू पुरी के खिलाफ एक बार फिर पंढरीनाथ थाने में मामला दर्ज हुआ है। इस बार उस पर फ्लैट विवाद में दखल देकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में मोंटू पुरी के साथ पवन चौहान और रत्नाकर को भी आरोपी बनाया है।
पुलिस के मुताबिक मोतीतबेला निवासी फैजान पिता अब्दुल रईस ने शिकायत दर्ज कराई कि नंदलालपुरा स्थित एक फ्लैट की खरीदी-बिक्री को लेकर आरोपियों ने उसे बुलाया था। वहां उस पर दबाव बनाया गया और बात नहीं मानने पर उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने फ्लैट के मामले में दोबारा दखल दिया तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
फरियादी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी टीआई सतीश पटेल को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
नशे के नेटवर्क से भी जुड़ चुका है नाम
सूत्रों के मुताबिक मोंटू पुरी का नाम पहले भी नशे के कारोबार से जुड़ चुका है। सराफा क्षेत्र में नशे की बड़ी खेप पकड़ाने के मामले में उसका नाम सामने आया था, हालांकि वह कार्रवाई से बच निकला था। बताया जा रहा है कि इन दिनों उसने नई सब्जी मंडी (चोईथराम) क्षेत्र में अपना नेटवर्क सक्रिय कर रखा है।
वहीं आरोपी पवन चौहान भी इलाके का व्यापारी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं। नाके पर कर्मचारी अंतरसिंह के साथ हुई मारपीट में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोंटू पुरी पर पंढरीनाथ समेत कई थानों में दस से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी केस
इधर पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर फैजान और मोहन बामनिया के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। मोहन बामनिया का नाम पहले भूतेश्वर महादेव यात्रा के दौरान मनोज परमार पर हुई फायरिंग की घटना में चर्चा में आया था।

