द पब्लिकेट, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने नंदी हॉल से विशेष दर्शन कराने का झांसा देकर तीन श्रद्धालुओं से ऑनलाइन 5 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामले में महाकाल थाना पुलिस ने देर रात केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शार्दुल कामले, तन्मय भालेराव और मानव नामक श्रद्धालु महाकाल मंदिर दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात आशुतोष शर्मा नाम के युवक से हुई। आरोपी ने खुद को मंदिर व्यवस्था से जुड़ा बताते हुए नंदी हॉल से सीधे दर्शन कराने का भरोसा दिलाया और बदले में 5 हजार रुपए मांगे। श्रद्धालुओं ने आरोपी के बताए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन भुगतान कर दिया।
बुधवार दोपहर करीब 3 बजे तीनों श्रद्धालु नंदी हॉल की ओर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। श्रद्धालुओं ने जब बताया कि उन्होंने विशेष दर्शन के लिए पैसे दिए हैं, तब मंदिर प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी लगी।
घटना के बाद मंदिर समिति के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया और सुपरवाइजर मुकेश बोगला ने महाकाल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सुपरवाइजर मुकेश की शिकायत पर आरोपी आशुतोष शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

