द पब्लिकेट, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने दिल दहला दिया। मजदूरों से भरी पिकअप और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

हादसा तिरला थाना क्षेत्र के चिकलिया स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 40-45 मजदूर सवार थे। तेज रफ्तार में चल रही पिकअप अचानक टायर फटने की वजह से अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर दूर-दूर जा गिरे। अंधेरे में मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और पेट्रोल पंप कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों को जिला भोज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 30 से ज्यादा मजदूरों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, करीब 13 घायलों की हालत बेहद नाजुक है, जिन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर करने की तैयारी की जा रही है। अचानक बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं, जो रोजी-रोटी के लिए सफर कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *