द पब्लिकेट, इंदौर। शहर में IPL के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर इंदौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लसूड़िया थाना क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की है। सूत्रों ने बताया सटोरियों का लिंक दुबई से है। भोपाल का ऋतिक भंडारी रोजबुक नाम की वेबसाइट चलवाकर सट्टा संचालित करता है। पुलिस जल्द ही बड़ी लीड पकड़ेगी।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को सूचना मिली थी कि निपानिया स्थित डी-मार्ट के पास गुलमोहर कॉलोनी के मेन रोड पर कुछ युवक कार में बैठकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर एक कार (DL-14-CD-8027) में बैठे तीन संदिग्धों को मौके से पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी “ड्रीम/एक्सचेंज” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से IPL मैचों पर सट्टा चला रहे थे। आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़े एप, आईडी और लेन-देन का रिकॉर्ड मिला है। पुलिस ने मौके से उपयोग में लाई जा रही कार भी जब्त कर ली है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सिकंदर उर्फ शनि (23), मोहम्मद सुल्तान (23), अपूर्व यादव (21), अनुराग ग्वेल (22) और करण बलोदी (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि अनुराग और करण बैंक खातों के जरिए लेन-देन में मदद करते थे, जिसके बाद दोनों को भी आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम 1976 की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तारेश सोनी के नेतृत्व में टीम के सउनि सुनील यादव, आरक्षक नागेंद्र भदौरिया, लोकेश ठाकुरिया, चरत गुर्जर और विनीत शर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अन्य कनेक्शन की जांच में जुटी है।

