द पब्लिकेट, इंदौर। तेज आवाज में म्यूज़िक और देर रात तक शोरगुल की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर अंडर डॉग पब को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई एडीएम रोशन राय और एसडीएम प्रदीप सोनी के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई। 

जानकारी के अनुसार अपोलो हाई स्ट्रीट बिल्डिंग स्थित अंडर डॉग क्लब के ठीक पीछे स्कीम नंबर 78 का रहवासी इलाका है। आसपास के रहवासियों ने जनसुनवाई के दौरान पब के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। रहवासियों का कहना था कि पब में देर रात तक तेज म्यूज़िक बजाया जाता था, जिससे क्षेत्र में रहने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

आपको बता दें, कलेक्टर के आदेश स्पष्ट हैं कि रात 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में 55 डेसिबल से अधिक ध्वनि नहीं बजेगी, लेकिन जांच के दौरान बार में करीब 105 डेसिबल तक तेज़ साउंड बजता पाया गया। इस दौरान आबकारी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम भी मौके पर मौजूद रही। संयुक्त जांच में ध्वनि प्रदूषण के नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आने के बाद तत्काल प्रभाव से बार को सील कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *