द पब्लिकेट, इंदौर। चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी दिवंगत राजा रघुवंशी का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। राऊ थाना पुलिस ने राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी और सचिन रघुवंशी को उनके केट रोड स्थित ‘राजा का ढाबा’ पर अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों भाइयों समेत कुल पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर ढाबे पर छापा
पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि राऊ थाना क्षेत्र के केट रोड स्थित ‘राजा का ढाबा’ पर बिना वैध अनुमति ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने ढाबे पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर कई लोग शराब का सेवन करते मिले। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी और सचिन रघुवंशी के खिलाफ अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराने का मामला दर्ज किया।
कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने का भी आरोप
जांच के दौरान पुलिस को ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारियों के संबंध में भी नियमों का पालन नहीं किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराया गया था और उनकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
इस मामले में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने पूरे प्रकरण में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद फिर चर्चा में परिवार
गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड पहले से ही प्रदेशभर में चर्चित रहा है। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी पर हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप लगे हैं और प्रकरण की जांच जारी है।
अब राजा रघुवंशी के दोनों भाइयों की अवैध शराब परोसने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद परिवार एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, पुलिस की यह कार्रवाई अलग प्रकरण में हुई है और इसका राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं बताया गया है।

