द पब्लिकेट, इंदौर। एमडी ड्रग्स और क्रिकेट सट्टा कनेक्शन से जुड़े चर्चित नाना पटवारी मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में बुधवार को राजेंद्र नगर पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं छात्र नेता रवि चौधरी सहित दो लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए थाने बुलाया। दोनों से एसीपी कार्यालय में लगातार छह घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार, दोनों दोपहर करीब 2 बजे राजेंद्र नगर थाने पहुंचे थे। देर शाम साढ़े आठ बजे तक उनसे पूछताछ जारी रही। पूछताछ के दौरान मीडिया भी थाने पहुंची, लेकिन दोनों को एसीपी कार्यालय के दूसरे कक्ष में बैठाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने पूछताछ के दौरान किन बिंदुओं पर सवाल किए, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।

पूछताछ एसीपी निधि सक्सेना के निर्देशन में एसआई प्रदीप और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने की।

क्या है मामला?

राजेंद्र नगर पुलिस ने कुछ समय पहले एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी से भी पूछताछ की थी। बाद में क्रिकेट सट्टा प्रकरण में नाना पटवारी के तीन साथियों को आरोपी बनाया गया और पुलिस के अनुसार दोनों मामलों के मेमोरेंडम में नाना पटवारी का नाम भी सामने आया। इसके बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। इससे पहले कॉलोनाइजर सुमित मंत्री सहित कई अन्य लोगों से भी पूछताछ हो चुकी है। नाना पटवारी को भी पुलिस दूसरी बार पूछताछ के लिए बुला चुकी है। पहली बार पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की थी, लेकिन दूसरी बार वे मीडिया से दूरी बनाए रहे।

रवि चौधरी क्यों चर्चा में हैं?

पूछताछ के लिए बुलाए गए रवि चौधरी सोशल मीडिया पर एक चर्चित इन्फ्लुएंसर और छात्र नेता हैं। छात्रों के मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता अक्सर चर्चा में रहती है। हाल ही में उन्हें उज्जैन के महाकाल मंदिर में भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और फिल्म अभिनेता संजय दत्त के साथ वीआईपी दर्शन करते हुए भी देखा गया था। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

फिलहाल पुलिस ने पूछताछ को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और लोगों से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *