नई दिल्ली/मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में खुद को कथावाचक और आध्यात्मिक गुरु बताने वाले एक कथित फर्जी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास (29) के रूप में हुई है, जो आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है। उस पर आरोप है कि वह ऑनलाइन प्रवचनों के जरिए युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उनका यौन शोषण करता था और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
छत्तीसगढ़ की युवती की शिकायत पर कार्रवाई
मथुरा पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ की एक युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितनी युवतियों को अपना शिकार बनाया।

‘गंधर्व विवाह’ के नाम पर करता था शोषण
जांच में सामने आया है कि आरोपी युवतियों का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने साथ रहने के लिए प्रेरित करता था। इसके बाद वह कथित रूप से ‘गंधर्व विवाह’ का हवाला देकर संबंध बनाता था। आरोप है कि वह प्रसाद के नाम पर नशीला दूध पिलाकर युवतियों का यौन शोषण करता और उनके वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था।
यूट्यूब और सोशल मीडिया से बनाता था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ‘राधा कृपा अमृता’ नाम से एक यूट्यूब चैनल बना रखा था, जहां वह हिंदी और अंग्रेजी में धार्मिक प्रवचन अपलोड करता था। इन्हीं वीडियो के जरिए वह युवतियों से संपर्क स्थापित करता और धीरे-धीरे उन्हें अपने प्रभाव में ले लेता था। लिंक्डइन पर भी उसने ‘आदिकर्ता नारायण दास’ नाम से प्रोफाइल बना रखी थी।
बताया जा रहा है कि वह विशेष रूप से इंजीनियरिंग और उच्च शिक्षा प्राप्त युवतियों को निशाना बनाता था।

चार साल से मथुरा में बना रखा था ठिकाना
ओडिशा निवासी अभिषेक मिश्रा पिछले चार वर्षों से मथुरा के राधाकुंज क्षेत्र में रह रहा था। उसके साथ एक समय में करीब 24 युवक-युवतियां भी रहती थीं। हालांकि उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद कई लोग उससे अलग हो गए।
पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कुछ युवतियों की तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
परिजनों से भी करता था पैसों की उगाही
पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथ रहने वाले युवक-युवतियों के परिजनों से भी पैसे मांगता था। करीब छह महीने पहले एक युवती के परिजन उसे वापस ले जाने पहुंचे थे, तब आरोपी और उसके सहयोगियों ने हंगामा किया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की मां भी कुछ समय तक उसके साथ रहती थी, लेकिन उसकी गतिविधियों से परेशान होकर उसे छोड़कर चली गई थी।
जांच जारी
मथुरा पुलिस अब आरोपी के संपर्क में रही युवतियों और उसके कथित नेटवर्क की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और पीड़िताओं के बयानों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी न्यायिक प्रक्रिया के तहत पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


